|
पैकरा महंगाई के खिलाफ ज्ञापन लेकर दिल्ली रवाना

रायपुर
28 जुलाई।भारतीय जनता पार्टी द्वारा महंगाई के खिलाफ चलाए गए
अभियान के तहत छत्तीसगढ़ से
10 लाख से अधिक हस्ताक्षरित ज्ञापन लेकर आज
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामसेवक पैकरा एवं प्रदेश संगठन
महामंत्री रामप्रताप सिंह दिल्ली रवाना हो गए।
प्रदेश महामंत्री शिवरतन शर्मा ने इस आशय की जानकारी देते हुए
बताया कि ये हस्ताक्षरित ज्ञापन राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी,
नेताप्रतिपक्ष श्रीमती सुषमा स्वराज एवं
वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवानी के नेतृत्व में राष्ट्रपति को
सौंपे जाएंगे।
इस हस्ताक्षर अभियान में महंगाई से त्रस्त छत्तीसगढ़ के लाखों
लोगों ने अपने हस्ताक्षर करके महंगाई के खिलाफ अपना रोष व्यक्त
किया है। गौरतलब है कि महंगाई के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी सड़क
से लेकर संसद तक अभियान चलाया गया था,पार्टी
ने महंगाई को लेकर जन-जागरण करने के इरादे से पूरे देशभर में
हस्ताक्षर अभियान चलाया।महंगाई से त्रस्त छत्तीसगढ़ की जनता ने
हाथों-हाथ लिया और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत महंगाई
विरोधी ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की नीतियों के चलते महंगाई
बेलगाम हुई है। सरकार ने निजी एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों को
किसानों से अनाज खरीद के मामले में छूट दी। इससे सरकारी गोदाम
में कम अनाज आया और बाहर निजी कंपनियों ने भंडारण किया। बाजार
में अनाज कम मात्रा में उपलब्ध रहा और बाजार में दाम बढ़ने लगे।
आज देश की जनता महंगाई से बेहद परेशान है।ऐसी आसमान छूती
महंगाई से आम जनता का बजट चरमरा गया है। गरीब को दो जून का पेट
भरना मुश्किल हो रहा है। कुपोषण बढ़ाने वाले इस महंगाई से जीवन
यापन पर विपरीत प्रभाव पड़ा है।
|