|
नक्सलियों ने बस्तर में सड़क एवं पुलों को विस्फोट से किया क्षतिग्रस्त
रायपुर
15 जुलाई। छत्तीसगढ़ के घुर नक्सल इलाके बस्तर
के बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर
जिले में नक्सलियों ने सड़क एवं पुल-पुलियों को बम से उड़ाने की
कोशिश की।इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग एवं कई सड़कों पर पेड़
गिराकर मार्ग अवरूद्व किया।
पुलिस
से मिली खबरों के मुताबिक कल शाम बीजापुर जिला में
मद्देड़-भोपालपटनम सड़क पर बने गोरला नाला के पाईप पुल को
नक्सलियों ने बम से उड़ाने की कोशिश की।विस्फोट से पुलिस का एक
हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।यह पुल एनएन-16
पर है। इसी सड़क पर नक्सलियों ने 13-14
जगहों पर पेड़ गिरा दिया,जिससे इस मार्ग
पर आवाजाही प्रभावित है।नारायणपुर-अंतागढ़ सड़क पर वनमंत्री
विक्रम उसेंडी के गृहग्राम बोदापाल से कुछ दूर बीनापाल में भी
नक्सलियों ने एक पुल को बम से क्षतिग्रस्त कर दिया।अंतागढ़
पुलिस के मुताबिक पुल में हुए बड़े नुकसान को देखते हुए अभी
यहां गाड़ियों की आवाजाही रोकी गई है।
दंतेवाड़ा जिले में भी नक्सलियों का कहर जारी है। कल तोंगापाल,
कूकानार, भंडाररास,
केरातोंग, लदकीपारा,
लेद्दा और सौतनार के बीच कोकावाड़ा चौक पर
नक्सलियों ने बड़ी संख्या में पेड़ काटकर गिरा दिए और सडक़ों को
खोद दिया। इन गांवों में सुबह तक पुलिस नहीं पहुंच सकी थी।इसके
अलावा जिले के गंगालूर सड़क पर बने सीसी रोड को भी कुछ जगहों से
काट दिया और पेड़ गिराए।
|